6 व 7 मार्च को होगी होलिका दहन, धुलेटी 8मार्च को मनाई जाएगी
थांदला - हिंदू पंचांग के अनुसार इस वर्ष पूर्णिमा 2 दिन होने के बाद आने वाले मुख्य पर्व होलिका दहन और धुलेंडी पर्व को मनाने को लेकर विरोधाभास की स्थिति निर्मित हो रही है। पर्व को एक साथ समरसता पूर्वक, परंपरागत उत्साह के साथ मनाने और विरोधाभास पूर्वक नही मनाने के लिए अनुविभागीय अधिकारी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक थाना प्रांगण में शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में आगामी पर्व नवरात्रि, शबे बारात, रंग पंचमी, शीतला सप्तमी आदि त्योहारों को लेकर भी रुपरेखा तैयार की गई।
बैठक में नप अध्यक्ष लक्ष्मी सुनील पणदा, पूर्व अध्यक्ष बंटी डामोर, भाजपा युवा नेता संजय भाबर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रविंद्र राठी, प्रभारी तहसीलदार अनिल बघेल, थाना प्रभारी कैलाश चौहान, किराना व्यापारी संघ अध्यक्ष अनिल भंसाली, मंडल अध्यक्ष समर्थ गोलू उपाध्याय आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि होलिका दहन श्रद्धालु 6 मार्च और 7 मार्च की रात्रि में अपनी अपनी श्रद्धा अनुसार कर सकते है। इसके लिए होलिका दहन समितियों को दहन की सूचना प्रशासन को देनी होगी। वहीं धूलंडी पर्व 8 मार्च को मनाया जाएगा। जिसका मुख्य कारण 7 मार्च को भगोरिया पर्व का अंतिम दिन होना है। बैठक में भगोरिया पर्व पर आने वाले ग्रामीण अंचल के नागरिकों के लिए स्वागत, पेयजल, पार्किंग व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। पार्किंग व्यवस्था के लिए मुख्य रूप से नगर के प्रवेश द्वार पर दशहरा मैदान, खवासा मेन रोड, बायपास पुल के समीप और पेटलावद रोड पर जगह चिन्हित करने की बात कही गई।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें